सुपौल में बंद घर को बनाया निशाना, दीवार काटकर 9 लाख की चोरी
सुपौल, 01 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड नंबर 3 में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणपतगंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी ददन लाल अपने परिवार के साथ 25 अप्रैल को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गए थे।
परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया।चोरों ने घर में घुसने के लिए दीवार काटी और खिड़की का ग्रिल तोड़ दिया।
हैरानी की बात यह रही कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे परिजनों को शक हुआ। बाद में वे पड़ोसी की छत के सहारे घर के अंदर पहुंचे, जहां का नजारा देख सभी हैरान रह गए।घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और दोनों गोदरेज अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
गृहस्वामी के अनुसार, चोर सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 5 से 6 लाख रुपये की संपत्ति ले गए। चोरी गए जेवरों में सोने के टॉप्स, नथुनी, जितिया, अंगूठी और चांदी के बलिया व पायल शामिल हैं। इसके अलावा, लगभग 3 लाख रुपये नकद भी गायब हैं। कुल मिलाकर चोरी की गई संपत्ति की कीमत करीब 8 से 9 लाख रुपये आंकी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि गृहस्वामी से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

