सुपौल में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन के बाद बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन के बाद बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप


सुपौल में डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, इंजेक्शन के बाद बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप


सुपौल, 26 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मरौना थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेमठी गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक कथित झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक बुजुर्ग की मौत होने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 02 निवासी श्याम नंदन मुखिया के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, श्याम नंदन मुखिया पिछले कुछ दिनों से वायरल बुखार से पीड़ित थे। इलाज के लिए गांव के ही एक कथित डॉक्टर को घर बुलाया गया, जिसने बिना किसी जांच या चिकित्सकीय प्रक्रिया के सीधे इंजेक्शन और दवा दे दी। आरोप है कि दवा देने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजन आरोपी डॉक्टर के घर पहुंचे, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। मृतक अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी, जिससे परिवार पर अब आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

सूचना मिलने पर मरौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। थाना अध्यक्ष रमन भास्कर ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

शव पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story