चैत्र नवरात्र को लेकर काली मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ

WhatsApp Channel Join Now
चैत्र नवरात्र को लेकर काली मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ


भागलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। पूरे देश के साथ-साथ भागलपुर में भी चैत्र नवरात्र की धूम देखने को मिल रही है। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।

इसी कड़ी में भागलपुर के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत रघुचक अन्नहार शक्ति स्थल काली मंदिर में चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर गुरुवार को विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। यहां मानस सत्संग मंडली, पनसल्ला के तत्वावधान में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। मंडली के सदस्य कमलाकांत चौधरी और गोपाल कृष्ण चौधरी ने भजन के माध्यम से रामायण के सुंदरकांड का भावपूर्ण और विस्तारपूर्वक पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस धार्मिक कार्यक्रम में रघुचक, कटहरा, मोथाबाड़ी, कुमारपुर, पनसल्ला सहित आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में शशि भूषण चौधरी, नंदन सिंह, जटाशंकर चौधरी, अभय सिंह, अनिल चौधरी, राजेश सिंह, मनोज चौधरी, उमेश सिंह, कुमार भारतेन्दु और सदानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

चैत्र नवरात्र के इस पावन अवसर पर आयोजित इस तरह के धार्मिक कार्यक्रमों से क्षेत्र में भक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story