गर्मी में यात्रियों को राहत: गोरखपुर-अलीपुरद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलेगी

WhatsApp Channel Join Now

सीवान, 15 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से गोरखपुर से अलीपुरद्वार के बीच ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार, गाड़ी संख्या 05056/05055 गोरखपुर-अलीपुरद्वार-गोरखपुर वाया कप्तानगंज, पडरौना तीन फेरों के लिए चलाई जाएगी।

गाड़ी संख्या 05056 गोरखपुर-अलीपुरद्वार विशेष ट्रेन 18, 25 अप्रैल और 2 मई 2026 (शनिवार) को गोरखपुर से सुबह 10:05 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों होते हुए अगले दिन सुबह 7:30 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी। इस दौरान यह ट्रेन सीवान जंक्शन पर दोपहर 13:55 बजे पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 05055 अलीपुरद्वार-गोरखपुर विशेष ट्रेन 19, 26 अप्रैल और 3 मई 2026 (रविवार) को अलीपुरद्वार से सुबह 10:00 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी क्रम में यह ट्रेन सीवान जंक्शन पर सुबह 04:55 बजे पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय, द्वितीय और प्रथम श्रेणी के कोच शामिल हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story