यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर आनंद विहार से जोगबनी के लिए साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर आनंद विहार से जोगबनी के लिए साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन की घोषणा


अररिया 16 अप्रैल(हि.स.)।

यात्रियों की भारी भीड़ के दबाव को कम करने एवं सुगम परिवहन उपलब्ध कराने को लेकर नॉर्दर्न रेलवे की ओर से आनंद विहार से जोगबनी के लिए साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। 18 अप्रैल से 11 जुलाई के बीच साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाई जाने की घोषणा का रेल संगठन से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।

ट्रेन संख्या 04008 आगामी 18 अप्रैल शनिवार से 11 जुलाई तक दिल्ली आनंद विहार से प्रत्येक शनिवार को प्रातः 8:30 बजे सुबह मुरादाबाद -बरेली- गोरखपुर -छपरा- बरौनी- कटिहार के रास्ते रविवार को अपराह्न 3:00 बजे जोगबनी पहुंचेगी। वहीं वापसी में 19 अप्रैल रविवार को ट्रेन संख्या 04007 के रूप में जोगबनी से सांयकाल 6:30 बजे खुलकर सोमवार देर रात्रि 3:00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी ।

इस समर स्पेशल ट्रेन के परिचालन का बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन की केंद्रीय समिति के सदस्य बच्छराज राखेचा,इंडो नेपाल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य बिनोद सरावगी,रेल यात्री संघ के सदस्य चंदन भगत, फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा, फारबिसगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन,नागरिक संघर्ष समिति के शाहजहां शाद और रमेश सिंह आदि ने स्वागत करते हुए रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया और कहा कि इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

ट्रेन के संयोजन में फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी एवं शयनयान श्रेणी के कोच होंगे। ट्रेन का आरक्षण कंप्यूटरीकृत रेलवे आरक्षण प्रणाली पर उपलब्ध है।वहीं अपरिहार्य कारणों से यह स्पेशल ट्रेन आनंद विहार से 23 मई एवं जोगबनी से 24 मई

को निरस्त रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story