कटिहार के मखाने की दुबई में होगी वैश्विक ब्रांडिंग, 'जीटेक्स समिट 2026' में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रगतिशील किसान सुमित सहगल

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार के मखाने की दुबई में होगी वैश्विक ब्रांडिंग, 'जीटेक्स समिट 2026' में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रगतिशील किसान सुमित सहगल


कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। बिहार के विश्वविख्यात सुपर फूड 'मखाना' को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में कटिहार जिले ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग (आत्मा), कटिहार के मार्गदर्शन व प्रोत्साहन से जिले के जटा एलकेओ एफपीओ से जुड़े प्रगतिशील किसान सुमित सहगल मखाना से निर्मित विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए दुबई रवाना होंगे। वे आगामी 7 दिसंबर 2026 को दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन 'जीटेक्स समिट 2026' में कटिहार व बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस वैश्विक मंच पर भारत सहित कुल 180 देश और 400 से अधिक सरकारी संस्थाएं व मंत्रालय हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें भारत के 'इंडिया पवेलियन' के साथ कटिहार का जटा एफपीओ भी प्रमुख रूप से शामिल है। इस प्रदर्शनी में सुमित सहगल मखाना से तैयार पारंपरिक मिठाइयों और आधुनिक उत्पादों—जैसे मखाना ठेकुआ, मखाना पेड़ा, मखाना जलेबी, मखाना बर्फी, मखाना कलाकंद, मखाना चिक्की, मखाना सत्तू और मखाना लड्डू सहित अन्य नवाचार आधारित खाद्य उत्पादों को वैश्विक निवेशकों और व्यापारियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) राजीव कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मखाना को केवल कच्ची उपज तक सीमित न रखकर उसके प्रसंस्करण, आकर्षक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देना है। इससे कटिहार व सीमांचल के किसानों, महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए रोजगार व आय के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने इसे कटिहार से दुबई तक मखाना की वैश्विक उड़ान बताते हुए कहा कि इससे बिहार के किसानों की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story