श्रावणी मेला में कांवड़ियों के लिए पीएचईडी की बड़ी तैयारी, टेंट सिटी और वाटर एटीएम समेत मिलेंगे कई हाईटेक इंतजाम
भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) ने पेयजल और स्वच्छता के व्यापक पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन और पीएचईडी का मुख्य उद्देश्य हर शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना है, जिससे उनकी कांवड़ यात्रा सुगम और यादगार बन सके। मेला क्षेत्र और पूरे कांवड़िया पथ पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए 710 पुरुष एवं महिला शौचालयों के साथ-साथ 30 आधुनिक मूत्रालयों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा, दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से 10 दिव्यांग अनुकूल शौचालय बनाए गए हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने 150 अतिरिक्त अस्थायी प्री-फैब्रिकेटेड शौचालय भी खड़े किए हैं। इन सभी जगहों पर 24 घंटे निर्बाध जलापूर्ति (रनिंग वाटर) की व्यवस्था की गई है। विशिष्ट अतिथियों के लिए सीढ़ी घाट पर एक आधुनिक वीआईपी शौचालय भी तैयार किया गया है।
कांवड़ियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूरे कांवड़िया पथ पर फिल्टरयुक्त पानी की सप्लाई की जा रही है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में 35 नए हैंडपंप गाड़े गए हैं। अति-आधुनिक सुविधाओं के तहत श्रद्धालुओं को आसानी से शुद्ध पानी मिल सके, इसके लिए 2 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। आपातकालीन स्थिति और लगातार पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 10 बड़े जल टैंकरों को भी सेवा में लगाया गया है। ’दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम करने के लिए कमराय में एक विशाल टेंट सिटी का निर्माण किया गया है।
इस आधुनिक टेंट सिटी में एक साथ 400 श्रद्धालुओं के रहने, सोने और विश्राम करने की उत्तम व्यवस्था की गई है। मेले के दौरान पानी या स्वच्छता से जुड़ी किसी भी समस्या के तुरंत निपटारे के लिए पीएचईडी के इंजीनियर और तकनीकी टीमें 24×7 (चौबीसों घंटे) अलर्ट मोड पर हैं। विभाग द्वारा मेला क्षेत्र की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को मिनटों में दूर कर श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कमी न आने दी जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

