अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का खाका तय

WhatsApp Channel Join Now
अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण का खाका तय


भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में प्रस्तावित अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण परियोजना की प्रशासनिक प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। प्रशासनिक स्तर पर तैयार किए गए खाके के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी एयरपोर्ट के लिए कुल भूमि का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा भागलपुर जिले से तथा शेष 60 प्रतिशत हिस्सा मुंगेर जिले के चिन्हित गांवों से अधिग्रहित किया जाएगा।

परियोजना के तहत दोनों जिलों में कुल 3,145.23 एकड़ भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज अंचल अंतर्गत कुल 1,425.11 एकड़ जमीन ली जाएगी, जिसके लिए पांच प्रमुख मौजों—गनगनियां, मंझली, कसवा, हथिऔक और सुजापुर—को चिन्हित किया गया है। वहीं, मुंगेर जिले से शेष 1,720.12 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।

राज्य कैबिनेट ने इस परियोजना के भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान के लिए कुल 1,329.59 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति दी है। इसमें भागलपुर जिले के हिस्से की जमीन के लिए 556.11 करोड़ रुपये तथा मुंगेर जिले के हिस्से की जमीन के लिए 773.47 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर प्रभावित परिवारों और भूमि के सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन तथा रैयती दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के बन जाने से भागलपुर और मुंगेर के साथ-साथ बांका, खगड़िया, जमुई और लखीसराय जिलों के लाखों लोगों को सीधी हवाई सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही, श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से सुल्तानगंज (अजगैबीनाथ धाम) और देवघर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन सुगम होगा और भागलपुर के प्रसिद्ध सिल्क उद्योग व स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story