सुखानगर पंचायत में उप विकास आयुक्त ने किया पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
सुखानगर पंचायत में उप विकास आयुक्त ने किया पौधरोपण


सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से मंगलवार को प्रतापगंज प्रखंड की सुखानगर पंचायत में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत वीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से पौधों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पंचायत क्षेत्र में निर्धारित स्थल पर पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और जलवायु संतुलन में भी मदद मिलेगी। पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पर्यावरणीय गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में निदेशक एनईपी अनित कुमार, डीपीओ वीबीजी रामजी कृष्णकांत सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी बसंत कुमार सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने भी संबंधित कर्मियों को पौधों की नियमित निगरानी करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर तरीके से संरक्षण हो सके और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र हरित एवं पर्यावरण के अनुकूल बन सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story