एसएसपी ने विभिन्न थाने का किया औचक निरीक्षण
भागलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर द्वारा औचक निरीक्षण के क्रम में शनिवार को एससी/एसटी थाना, साइबर थाना एवं महिला थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, लंबित कांडों की समीक्षा, वारंट निष्पादन, शिकायत पंजी का अवलोकन तथा महिला एवं साइबर संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत जांच की गई।
इस दौरान एसएसपी ने कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साइबर अपराध मामलों में त्वरित तकनीकी कार्रवाई एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के संदर्भ में साइबर थाना की तत्परता की सराहना की गई। साथ ही कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए पदाधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिन पदाधिकारियों एवं कर्मियों पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है, उनकी प्रशंसा की गई तथा उन्हें इसी प्रकार समर्पण भाव से कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आम जनता को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना तथा थानों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

