पीएम सूर्य घर बिजली योजना में 78,000 तक मिलेगी सब्सिडी

WhatsApp Channel Join Now
पीएम सूर्य घर बिजली योजना में 78,000 तक मिलेगी सब्सिडी


सारण, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के बिजली बिल को शून्य करना और अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देना है। जिलाधिकारी ने सारण के निवासियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाएं। योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि 3 किलोवाट का सोलर स्ट्रक्चर लगवाने में लगभग 2 लाख से 2.5 लाख तक का खर्च आता है। इसके लिए लिए गए बैंक ऋण की मासिक किस्त लगभग उतनी ही होती है जितनी उपभोक्ता के बिजली बिल में बचत होती है। इस प्रकार मात्र 5 वर्षों की अवधि में सोलर पैनल की पूरी लागत बिजली की बचत के माध्यम से वसूल हो जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि सारण जिले में लगभग 49,000 ऐसे उपभोक्ता हैं जिनकी मासिक बिजली खपत 250 यूनिट से अधिक है। प्रशासन ने इन सभी को संभावित लाभार्थी के रूप में चिन्हित किया है। इन उपभोक्ताओं को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है ताकि वे जल्द से जल्द इस योजना से जुड़ सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story