सीवान की बेटियों ने रचा इतिहास, लगातार दूसरे वर्ष बनीं सुब्रतो कप अंडर-17 फुटबॉल चैंपियन
सीवान, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं बिहार राज्य खेल विभाग की ओर से समस्तीपुर में 10 से 13 जुलाई तक आयोजित राज्य स्तरीय अंतर जिला सुब्रतो कप अंडर-17 बालिका फुटबॉल चैंपियनशिप में सीवान की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे वर्ष खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बिलासपुर (मैरवा) की खिलाड़ियों से सुसज्जित सीवान टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में सीवान ने अपने अभियान की शुरुआत मुंगेर के खिलाफ धमाकेदार जीत से की। पहले मुकाबले में टीम ने मुंगेर को 10-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में सारण को 5-0 से शिकस्त देकर सीवान ने लगातार दूसरे वर्ष फाइनल का टिकट कटाया।
सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में सिवान का सामना पश्चिम चंपारण से हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ, जिसमें सिवान की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-2 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए टीम की कप्तान पिंकी कुमारी को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया। उनकी कप्तानी और प्रदर्शन की खेल विशेषज्ञों ने जमकर सराहना की।
टीम के मुख्य प्रशिक्षक संजय पाठक ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय की बालिका टीम ने राष्ट्रीय स्तर की सुब्रतो कप प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।
उन्होंने कहा कि इस बार टीम की तैयारी और बेहतर है तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
सीवान की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, आईएमए सीवान के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रीता सिन्हा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बिलासपुर के प्राचार्य राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार, डॉ. रामजी चौधरी, डॉ. राम इकबाल प्रसाद गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. संगीता चौधरी, डॉ. शंकर सिंह, डॉ. आशुतोष सिन्हा, डॉ. पवन कुमार राय, मुख्य संरक्षक डॉ. आर.एन. ओझा, रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक राजीव लोचन मिश्रा, अलख निरंजन पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोगों ने टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

