छपरा में 26 केंद्रों पर होगी सब-इंस्पेक्टर मद्य निषेध की परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 11 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक के पदों के लिए कल 12 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय में कुल 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,008 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्र अधीक्षकों स्टैटिक दंडाधिकारियों प्रेक्षकों और पुलिस पदाधिकारी को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा एक पाली में पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग टाइम सुबह 09:30 बजे तय किया गया है। उन्होंने डॉक्यूमेंटेशन चेक करने, केंद्र पर आने वाले फोटोग्राफर/वीडियोग्राफर की शारीरिक जांच करने और परीक्षा से पूर्व केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज करने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता और 1-4 सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले मोर्चा संभाल लेंगे। मुख्य द्वार पर सघन शारीरिक जांच और ई-प्रवेश पत्र देखने के बाद ही अभ्यर्थियों को एंट्री मिलेगी। परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल, ब्लूटूथ, चिट, ब्लेड जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह वर्जित है और सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

सुरक्षा के लिहाज से अनुमंडल पदाधिकारी सदर द्वारा सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। आपात स्थिति के लिए सदर अनुमंडल कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो परीक्षा के दिन सुबह 7:00 से दोपहर 3:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। इसका हेल्पलाइन नंबर 06152-242444 है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story