ट्विनिंग कार्यक्रम के तहत छात्रों ने मोतिहारी केंद्रीय विद्यालय के कंप्यूटर लैब का किया अवलोकन

WhatsApp Channel Join Now
ट्विनिंग कार्यक्रम के तहत छात्रों ने मोतिहारी केंद्रीय विद्यालय के कंप्यूटर लैब का किया अवलोकन


पूर्वी चंपारण,25 मार्च (हि.स.)। जिले के हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र के सोनबरसा पंचायत अंतर्गत मचवा चौक स्थित श्री रामेश्वर उत्क्रमित विद्यालय के 24 छात्र-छात्राओं को ट्विनिंग प्रोग्राम के तहत पीयर-टू-पीयर लर्निंग के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय, मोतिहारी भेजा गया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से छात्रों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों और ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के तहत बुधवार की सुबह करीब 8 बजे विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुमार प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरे से छात्रों का बौद्धिक विकास होता है और उन्हें नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है। केंद्रीय विद्यालय, मोतिहारी पहुंचने के बाद छात्रों ने वहां के कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया और आधुनिक तकनीक के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

साथ ही वहां के शिक्षकों एवं छात्रों के साथ संवाद कर शिक्षण पद्धति को समझा। इस दौरान छात्रों को महात्मा गांधी से जुड़े ऐतिहासिक चरखा पार्क का भी भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस ऐतिहासिक स्थल पर पहुंचकर छात्रों ने राष्ट्रपिता के विचारों और योगदान को नजदीक से जाना। इस शैक्षणिक टूर में प्रधानाध्यापक संतोष कुमार प्रसाद के साथ शिक्षक अमित कुमार (+2), शिक्षिका राज कुमारी एवं रिंकी कुमारी (+2) मौजूद रहीं। कुल 24 छात्रों में 16 छात्राएं एवं 8 छात्र शामिल थे। विद्यालय परिवार ने इस पहल को छात्रों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story