बच्चों की कलाकृतियों में दिखी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक प्रतिभा, विधायक ने की सराहना
Darbhanga Bihar, 28 नवंबर (हि.स.)।
दरभंगा। बंगालीटोला स्थित महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान में आयोजित शनिवार को आर्ट एग्जिबिशन में बेनीपुर विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी सृजनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की।
प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से रंगों, रेखाओं और आकृतियों का आकर्षक संयोजन प्रस्तुत किया। उनकी कलाकृतियों में प्रकृति, सामाजिक जीवन, पर्यावरण, संस्कृति और समसामयिक विषयों की झलक देखने को मिली। कहीं रंगों के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता उकेरी गई थी तो कहीं चित्रों के जरिए सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया था। बच्चों की कलाकृतियों में उनकी उम्र के अनुरूप कल्पनाशीलता के साथ-साथ विषयों को समझने और उन्हें कलात्मक रूप में अभिव्यक्त करने की क्षमता भी दिखाई दी।
मुख्य अतिथि प्रो. विनय कुमार चौधरी ने बच्चों की बनाई कलाकृतियों को बारीकी से देखा तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। जरूरत है उनकी रुचि और रचनात्मक क्षमता को पहचानकर उसे उचित अवसर एवं प्रोत्साहन देने की। कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, स्वतंत्र चिंतन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कला, साहित्य, संगीत और रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी आवश्यक है। इससे उनमें अपनी कल्पनाओं को साकार करने तथा अपने विचारों को अभिव्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। ऐसी प्रदर्शनियां बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास का संचार करती हैं।
विधायक ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिक्षण संस्थान की इस पहल को बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने लाने की दिशा में उपयोगी प्रयास बताया। प्रदर्शनी ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर मौजूद विविध प्रतिभाओं को पहचानकर उनका समग्र विकास करना भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

