स्नातक परीक्षा रद्द होने पर मारवाड़ी कॉलेज में छात्रों का हंगामा, पुलिस बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक परीक्षा रद्द होने पर मारवाड़ी कॉलेज में छात्रों का हंगामा, पुलिस बल तैनात


किशनगंज, 11 अप्रैल (हि.स.)। पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षा बार-बार रद्द किए जाने से नाराज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शनिवार को शहर स्थित मारवाड़ी कॉलेज में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा नियंत्रक पर गंभीर आरोप लगाए। छात्र-छात्राओं का कहना था कि विश्वविद्यालय द्वारा बार-बार एडमिट कार्ड जारी किया जा रहा है, लेकिन जब वे परीक्षा देने कॉलेज पहुंचते हैं तो उन्हें परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलती है। इससे दूर-दराज से आने वाले छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई छात्राओं ने बताया कि वे 50 से 90 किलोमीटर की दूरी तय कर परीक्षा देने पहुंचती हैं, लेकिन परीक्षा रद्द होने के कारण उन्हें बिना परीक्षा दिए ही लौटना पड़ता है। छात्रों के अनुसार 11 अप्रैल से 16 अप्रैल तक निर्धारित परीक्षा को भी रद्द कर दिया गया है। इससे पहले 9 अप्रैल को होने वाली परीक्षा को रद्द कर 12 अप्रैल की नई तिथि घोषित की गई थी, वहीं 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। बार-बार परीक्षा रद्द होने से छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेता विक्की ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन बार एडमिट कार्ड जारी किया, लेकिन अब तक परीक्षा नहीं ली गई है। इससे कई छात्र परीक्षा से वंचित हो रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि यदि परीक्षा रद्द करनी हो तो सुबह ही स्पष्ट नोटिस जारी किया जाए, ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र काफी आक्रोशित थे और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसी दौरान आक्रोशित छात्रों ने एक चाय दुकानदार के साथ मारपीट भी कर दी, जिसे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बचाया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पूरे मामले पर कॉलेज के प्राचार्य ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। अब छात्रों की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story