विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्रों की समस्याओं के समाधान की पहल
सीवान, 25 अगस्त (हि.स.)। विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए मंगलवार को जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
राज्य सरकार के निर्देश के तहत प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाना है। इसी क्रम में मैरवा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र, महाराजगंज जीएनएम संस्थान और राजकीय फार्मेसी कॉलेज महाराजगंज में शिविर की शुरुआत की गयी।
मैरवा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। वहीं, जीएनएम संस्थान महाराजगंज में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ) डॉ. अरविंद कुमार तथा राजकीय फार्मेसी कॉलेज महाराजगंज में सीडीओ डॉ. अशोक कुमार ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याओं और संस्थान से जुड़ी अन्य शिकायतों को दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध करायी गयी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थानों में कियोस्क की व्यवस्था की गयी, जहां कंप्यूटर, इंटरनेट और प्रिंटर के माध्यम से शिकायतें दर्ज करने में सहयोग किया गया।
विद्यार्थी सहयोग शिविर के तहत समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा का समय पर आयोजन नहीं होना, परीक्षाफल के प्रकाशन में देरी, अनधिकृत शुल्क की वसूली सहित कक्षाओं में बिजली, बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी समस्याओं की शिकायत की जा सकती है।
इसके अलावा विद्यार्थी शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव भी दे सकते हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर निस्तारण किया जायेगा। शिकायतों की निगरानी और समाधान की प्रक्रिया निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार होगी।
शिविर में विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गयी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी वास्तविक शैक्षणिक समस्याओं को निर्धारित माध्यम से दर्ज कराएं और शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जिला प्रशासन की ओर से शिविरों की व्यवस्था एवं प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी निगरानी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

