विशेष परीक्षा के मुद्दे पर छात्र नेता ने खोला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
विशेष परीक्षा के मुद्दे पर छात्र नेता ने खोला मोर्चा


भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.) तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में सीबीसीएस स्नातक पाठ्यक्रम के तहत बास्केट से बाहर विषयों का चयन करने वाले सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अपने ही पूर्व जारी आदेशों से मुकरने और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी न करने पर छात्र नेता सोनू कुमार निगम ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने प्रशासनिक रवैये की निंदा करते हुए जल्द समाधान न होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

सोनू कुमार निगम ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने 08 अक्टूबर 2026 को एक अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया था कि बास्केट से बाहर विषय चुनने वाले छात्रों के लिए 31 दिसंबर 2026 तक विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी और उनसे कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। लेकिन, परीक्षा नियंत्रक द्वारा 20 नवंबर 2026 को जारी परीक्षा सूचना में केवल सामान्य परीक्षा फॉर्म भरने का जिक्र है, जबकि विशेष परीक्षा की तिथि या प्रक्रिया पूरी तरह नदारद है।

छात्र नेता का आरोप है कि जब उन्होंने शनिवार को इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक से फोन पर बात की, तो उन्होंने इसी को विशेष परीक्षा समझो कहकर फोन काट दिया। इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के बाद उन्होंने छात्र कल्याण अधिष्ठाता से मुलाकात कर अपनी बात रखी। डीएसडब्ल्यू ने परीक्षा नियंत्रक के साथ वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। सोनू कुमार निगम ने दो टूक कहा कि छात्रों के शैक्षणिक भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि वार्ता में ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो छात्रहित में लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781755 Articles

Share this story