तेज रफ्तार बस की चपेट में आए छात्र की मौत, एक घायल
सीवान, 22 मार्च (हि.स.)।
सीवान छपरा-सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गया। घटना धनौती पेट्रोल पंप के समीप अपराह्न करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के मछौती गांव निवासी प्रीतोश कुमार (18) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय अच्छेलाल राम का पुत्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीतोश कुमार अपने साथी के साथ बाइक से पेट्रोल भरवाकर दरौंदा बाजार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से मुख्य सड़क पर निकला, सीवान से बोकारो की ओर जा रही तेज रफ्तार गणराज लग्जरी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्री भी हल्के रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल प्रीतोश कुमार को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक और अन्य कर्मचारी बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। वहीं घायल यात्रियों ने स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

