प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने की खुदकुशी, फंदे से लटका मिला शव


भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)।

जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बड़ी खंजरपुर स्थित महाराज घाट रोड के एक लॉज में बीते देर शाम प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला।

मृतक की पहचान नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित जमुनिया निवासी पवन यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि रौशन महाराज घाट रोड स्थित 'मनीष लॉज' में रहकर पढ़ाई करता था।

सोमवार दोपहर से ही परिजन उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रहा था। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन ने भागलपुर में रहने वाले एक रिश्तेदार को लॉज जाकर देखने को कहा। शाम करीब साढ़े छह बजे जब रिश्तेदार लॉज पहुंचे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।

काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर बरारी थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा, तो अंदर रौशन का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रौशन दो भाइयों में बड़ा था और पिछले दो वर्षों से भागलपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

वह दीपावली की छुट्टी के बाद घर से भागलपुर लौटा था और हाल ही में बीते छठ महापर्व में भी घर नहीं गया था। इधर, विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण नवगछिया से आवाजाही में हो रही कठिनाई के चलते घटना की सूचना मिलने के बावजूद परिजन सोमवार देर शाम तक भागलपुर नहीं पहुंच सके।

बरारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। टीम की जांच पूरी होने तक छात्र के कमरे को सील कर ताला बंद कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story