ई-रिक्शा-ऑटो चालकों को सख्त चेतावनी, 12 अक्टूबर के बाद होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा-ऑटो चालकों को सख्त चेतावनी, 12 अक्टूबर के बाद होगी कार्रवाई


किशनगंज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और ई-रिक्शा व ऑटो चालकों की मनमानी पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। शहरी क्षेत्र में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, चौक-चौराहों पर यत्र-तत्र वाहन खड़ा करने, उच्च मार्गों व राजकीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा-ऑटो चलाने तथा छोटे स्कूली बच्चों को बैठाकर परिचालन करने पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।

नियमों का पालन करने के लिए चालकों को एक सप्ताह की मोहलत दी गई है। 12 अक्टूबर के बाद उल्लंघन करते पकड़े जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किशनगंज शहरी क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पाया कि कई ई-रिक्शा और ऑटो चालक यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। चौक-चौराहों पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा किए जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

इस पर एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक यातायात और यातायात थानाध्यक्ष को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया। इसके बाद यातायात पुलिस ने शहरी क्षेत्र के ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को स्पष्ट चेतावनी जारी की है।

सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह ने कहा है कि चालक अपने वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाएं। इसके अलावा उच्च मार्गों एवं राजकीय राजमार्गों पर ई-रिक्शा और ऑटो का परिचालन नहीं करें। छोटे स्कूली बच्चों को बैठाकर वाहन चलाने पर भी रोक रहेगी। एक सप्ताह की अवधि समाप्त होने के बाद वाहन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर शमन की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चेतावनी के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन दोहराने वाले ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के वाहनों को जब्त किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने चालकों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का पालन करने और शहर में जाम की समस्या को कम करने में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story