माध्यमिक कम्पार्टमेंटल परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 100 मीटर क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू
दरभंगा।, 30 अप्रैल (हि.स.)। माध्यमिक विशेष एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा 2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित यह परीक्षा 2, 4, 5 एवं 6 मई 8 को जिले के कुल 9 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों पालियों में प्रारंभिक 15 मिनट का ‘कूल ऑफ टाइम’ भी निर्धारित किया गया है।
परीक्षा संचालन के लिए अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी मनोज कुमार को वरीय प्रभारी पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानन्द ठाकुर को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच आदि के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की तैनाती की गई है, जिन्हें परीक्षा तिथि के दिन सुबह 7:30 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की व्यवस्था की गई है। प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र के मिलान के बाद ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। साथ ही परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति होगी, इसके बाद आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए महिला पुलिस एवं कर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

