एलपीजी गैस की कालाबाजारी की सूचना पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी : दीपेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी गैस की कालाबाजारी की सूचना पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी : दीपेश कुमार


सहरसा,20 अप्रैल(हि. स.)। जिले के उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की निर्वाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और तेल कंपनियों भारत गैस एवं एचपी गैस द्वारा वितरण आंकड़ों की गहन समीक्षा की गई है। इस संबंध में सोमवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय में डीपीआरओ आलोक कुमार नें प्रेस ब्रीफिंग कर मीडिया कर्मियों को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी द्वारा गैस वितरण को लेकर समय पालन करने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी में तेजी लाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। जिले के विभिन्न वितरकों के पास वर्तमान में कुल पेंडिंग बुकिंग (वैकलॉग) की संख्या लगभग 10,044 है ।जिसके अंतर्गत 6,812 एचपी 3,232 भारत गैस है। इसे कम करने के लिए वितरकों को निर्देश दिए गए हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान जिले भर में कुल 2,747 से अधिक सिलेंडरों की सफल होम डिलीवरी की गई है। जिले में गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

वर्तमान में वितरकों के पास कुल 6,285 (3,820 + 2,465) भरे हुए सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है, जो वितरण के लिए तैयार है।जबकि जिले की औसत दैनिक बिक्री लगभग 2,955 सिलेंडर है। औसतन बैकलॉग दिनों की संख्या 2.6 से 3.9 के बीच है, जिसे अगले कुछ दिनों में सामान्य करने का लक्ष्य रखा गया है।

डीपीआरओ ने बताया कि एचपी गैस के तहत 'गौरी शंकर एचपी गैस एजेंसी' और 'शांति एचपी गैस' द्वारा सर्वाधिक बुकिंग और डिलीवरी का प्रबंधन किया जा रहा है। वहीं भारत गैस के तहत 'आशा भारत गैस एजेंसी' और 'मेहता भारत गैस' प्रमुखता से आपूर्ति सुनिश्चित कर रहे हैं।जिला पदाधिकारी ने सभी गैस वितरकों को सख्त निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए अधिक प्रतीक्षा न करनी पड़े। जिन वितरकों के पास 'बैकलॉग' अधिक है, उन्हें अतिरिक्त वाहन लगाकर होम डिलीवरी में तेजी लाने को कहा गया है। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही बुकिंग करें और रसीद के अनुसार ही भुगतान करें।

साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत या कालाबाजारी की सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story