सदर अस्पताल में सख्ती: चोरी पर कार्रवाई, निर्माण एजेंसी को डीएम की कड़ी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
सदर अस्पताल में सख्ती: चोरी पर कार्रवाई, निर्माण एजेंसी को डीएम की कड़ी चेतावनी


सीवान, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार को सदर अस्पताल में आयोजित की गई, जिसमें सदर अस्पताल समेत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीएम ने सदर अस्पताल में एसी पाइप चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश दिए. डीएम ने कहा कि इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं और अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने पुलिस द्वारा मामले में चल रहे अनुसंधान की जानकारी लेते हुए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को और प्रभावी बनाने तथा आवश्यक स्थानों पर नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

बैठक में बताया गया कि चोरी की घटना के कारण मरीजों को असुविधा हुई है, जिसे शीघ्र दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न हो।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में लगातार डॉक्टरों की बहाली की जा रही है। जानकारी दी गई कि हाल की बैठकों के बाद 30 से अधिक नए डॉक्टरों ने जिले में योगदान दिया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी।

इसके अलावा अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. पुराने ब्लॉक को तोड़कर नए 50 बेड वाले सीसीयू भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है. साथ ही 100 बेड के मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का निर्माण भी तेजी से चल रहा है, जिसे अगले 2-3 महीनों में जनता की सेवा के लिए समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कर रही एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि कार्य के दौरान अनिवार्य रूप से ग्रीन सेफ्टी नेट लगाकर ही काम किया जाए. साथ ही पुराने भवनों को तोड़ने से पूर्व पानी का नियमित छिड़काव कराने को कहा, ताकि धूल से मरीजों और परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित एजेंसी पर आर्थिक दंड लगाने की चेतावनी भी दी गई।

डीएम ने सिविल सर्जन के साथ अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने मासिक रैंकिंग में जिले की स्थिति में सुधार पर सिविल सर्जन एवं पूरी टीम को बधाई दी. हालांकि, डीएम ने ओपीडी में वेटिंग टाइम और मरीजों के यात्रा समय को कम करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी एमओआईसी और संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार ही प्रशासन की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story