बूथ जीतो, चुनाव जीतो” के मंत्र के साथ भाजपा की कार्यशाला संपन्न
सीवान, 05 अप्रैल (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत भाजपा जिला कार्यालय में हुसैनगंज मंडल की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके विचारों को आत्मसात करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
दरौंदा विधानसभा के विधायक करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन है। प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचा सकते हैं।
वहीं, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह एमएलसी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम है। इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलती है और कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
कार्यक्रम में शम्भू प्रसाद गुप्ता, अनुरंजन मिश्रा, चंद्रविजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव, विजय कुमार चौधरी, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, मिथलेश यादव, अशोक दुबे, दीपू कुमार सिंह, जेपी पाण्डेय, सौरभ कुशवाहा, लक्ष्मीकांत पाठक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

