कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत, बूथ स्तर तक बनाएं मजबूत : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत, बूथ स्तर तक बनाएं मजबूत : संजय सरावगी


कटिहार, 13 सितंबर (हि.स.)। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने वाला संगठन है। संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनके परिश्रम के दम पर पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। अपने कटिहार प्रवास के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कटिहार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे जिला कार्यालय, सिरसा पहुंचे, जहां आयोजित 'कार्यकर्ता समागम सह सम्मान समारोह' में उन्होंने भाग लिया और वर्षों से समर्पित भाव से काम कर रहे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान वास्तव में भाजपा की कार्यसंस्कृति का सम्मान है।

कोर कमेटी की बैठक में बनी आगामी रणनीति

सिरसा के कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष मिरचाईबाड़ी स्थित पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के आवास पहुंचे। यहां आयोजित जिला कोर कमिटी की बैठक में उन्होंने जिले के संगठनात्मक ढांचे, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर की रिपोर्ट ली और स्पष्ट किया कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पुख्ता तैयारी ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी होगी।

चैंबर ऑफ कॉमर्स की एजीएम में संवाद

शाम में विनोदपुर (गोलछा कटरा) स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स की एजीएम में शामिल होकर उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों से सीधा संवाद किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति, निवेश और रोजगार सृजन में व्यापारिक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार और व्यापार जगत के बीच बेहतर समन्वय से आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी जा रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों—व्यापारी, किसान, युवा और महिलाओं—के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर 'विकसित बिहार' के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। पूरे कार्यक्रम के दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story