नगर निगम की स्ट्रीट लाइट योजना फेल: 5,068 के लक्ष्य के मुकाबले लगीं महज 1,200 लाइटें

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम की स्ट्रीट लाइट योजना फेल: 5,068 के लक्ष्य के मुकाबले लगीं महज 1,200 लाइटें


भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। शहर की गलियों और मुख्य मार्गों को दूधिया रोशनी से जगमग करने का भागलपुर नगर निगम का दावा धरातल पर फेल होता नजर आ रहा है। करीब 5.21 करोड़ रुपये की लागत से 5,068 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की महत्वाकांक्षी योजना में कार्य एजेंसी की भारी लापरवाही उजागर हुई है।

निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अब तक केवल 1,200 स्ट्रीट लाइटें ही लगाई जा सकी हैं, जिसके कारण शहर के 15 से अधिक वार्डों में शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। नगर निगम प्रशासन ने वार्ड पार्षदों को आश्वस्त किया था कि दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्वों से पहले सभी 51 वार्डों में समान रूप से नई लाइटें लगा दी जाएंगी। हालांकि, चयनित एजेंसी ने पहले चरण में महज 1,200 लाइटों की ही आपूर्ति की।

सीमित आपूर्ति के कारण स्थिति यह है कि शहर के 15 से अधिक वार्डों में अब तक एक भी नई स्ट्रीट लाइट नहीं पहुंच सकी है। जिन वार्डों में काम शुरू भी हुआ, वहां औसतन 15 से 20 लाइटें लगाकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है। नई लाइटें लगने की बात तो दूर, कई वार्डों में पहले से खराब पड़ी पुरानी स्ट्रीट लाइटों को भी अब तक नहीं बदला जा सका है।

उल्लेखनीय है कि भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में वर्ष 2017 के बाद से यानी करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद नई स्ट्रीट लाइट लगाने की कवायद शुरू हुई थी। चार बार टेंडर प्रक्रिया से गुजरने के बाद एजेंसी का चयन हुआ और अक्टूबर में वार्ड संख्या एक से इसकी शुरुआत की गई। 90 दिनों के भीतर पूरे शहर को रोशन करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन आपूर्ति ठप होने से योजना अधर में लटक गई है।

प्रमुख चौक-चौराहों और संकरी गलियों में अंधेरा रहने से रात के समय राहगीरों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उधर, लगातार पिछड़ रहे कार्य के बीच नगर निगम की रोशनी शाखा का कहना है कि पार्षदों द्वारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों को प्राथमिकता दी जा रही है और अगले एक महीने के भीतर शेष लाइटों की आपूर्ति कर काम पूरा करा लिया जाएगा। हालांकि, वर्तमान सुस्त रफ्तार को देखते हुए पार्षदों और शहरवासियों में एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779001 Articles

Share this story