ट्रेन पर पथराव करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन पर पथराव करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार


भागलपुर, 18 जून (हि.स.)। दानापुर – साहेबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव करने वाले व्यक्ति इरफान को रेल पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।

पथराव की घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। दोनों एजेंसियां अपने-अपने सूत्रों के माध्यम से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी।

आज सुबह सूचना मिली कि आरोपित व्यक्ति अपने घर में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने मोहद्दीनगर स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को दानापुर से साहेबगंज जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस जब नाथनगर और भागलपुर स्टेशन के बीच परबत्ती इलाके से गुजर रही थी, तभी मो. इरफान ने ट्रेन पर पथराव किया था।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरि ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह नशे का सेवन करता है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार भागलपुर रेलखंड पर इससे पहले भी ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते वर्ष वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पथराव हुआ था, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story