स्टेयरिंग फेल होने से बेकाबू ट्रक ने सीटी रिक्शा को मारी टक्कर, तीन घायल
सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप रविवार को स्टेयरिंग फेल होने के कारण बेकाबू हुए एक ट्रक ने सीटी रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र के गड़िया वार्ड-8 निवासी 28 वर्षीय जोशी देवी, नारायणपुर वार्ड-8 निवासी विमला देवी तथा किशनपुर थाना क्षेत्र के थरबिट्टा वार्ड-6 निवासी 34 वर्षीय रिक्शा चालक बिनोद यादव के रूप में हुई है।
घायल जोशी देवी ने बताया कि वह सीटी रिक्शा से गठिया से सिमराही जा रही थीं। धर्मपट्टी क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 10 फीट नीचे जा गिरा।
हादसे में चालक सहित तीनों लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और वाहन पर खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद ट्रक संख्या पीबी -04 एए -6281)और उसके चालक सोजिनंदर को पकड़ लिया।
चालक ने बताया कि चलते समय ट्रक की स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर रिक्शा से टकरा गया।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

