झाझा में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- उनके विचार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा

WhatsApp Channel Join Now
झाझा में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- उनके विचार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा


पटना, 16 अगस्त (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झाझा की धरती से उनका विशेष लगाव रहा है और यहां के लोगों से लगातार स्नेह और प्यार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा था और उनके विचार एवं आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का सपना देखा है। इन लक्ष्यों को पूरा करना बिहार सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य में 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है। जिला अस्पतालों को सुदृढ़ किया जा रहा है और वर्तमान में वहां 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को रेफर करता है तो उसकी जवाबदेही तय की जाए और नियमों के तहत कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की विचारधारा और उनके राष्ट्र निर्माण के आदर्शों को आगे बढ़ाना सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री निशांत एवं परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री सह जमुई जिले के प्रभारी मंत्री संजय कुमार सिंह, उद्योग मंत्री सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधायक रामानंद मंडल समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित अन्य वरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story