राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा सुपौल, 18 से 21 नवंबर तक होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा सुपौल, 18 से 21 नवंबर तक होगा आयोजन


राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा सुपौल, 18 से 21 नवंबर तक होगा आयोजन


सुपौल, 07 नवंबर (हि.स.)। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में सुपौल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) की मेजबानी इस बार सुपौल जिले को सौंपी गई है। प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ महापर्व के उपरांत 18 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक सुपौल स्थित मल्टीपरपस इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जिलाधिकारी ने आयोजन समिति के सदस्यों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने खिलाड़ियों एवं उनके साथ आने वाले दल के सदस्यों के आवासन, खान-पान, परिवहन, सुरक्षा तथा खेल आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

इसके अलावा प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं समापन समारोह को भी व्यवस्थित और आकर्षक बनाने पर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि बाहर से आने वाली खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, नजारत उप समाहर्ता, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774014 Articles

Share this story