एसएसपी सारण ने जिले के तीन थानाध्यक्षों को किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी सारण ने जिले के तीन थानाध्यक्षों को किया निलंबित


सारण, 09 अगस्त (हि.स.)। पुलिस प्रशासन ने कर्तव्य में लापरवाही, शिथिलता और अनुशासनहीनता के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने समीक्षा बैठक और जांच रिपोर्ट के आधार पर जिले के तीन थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित अधिकारियों में अवतारनगर के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक साकेत बिहारी शामिल हैं, जिन पर कांडों के निष्पादन एवं अनुसंधान में अपेक्षित प्रगति न लाने का आरोप है।

वहीं तरैया थानाध्यक्ष पु०अ०नि० धीरज कुमार राम को सरकारी संपत्ति से जुड़ी घटना में लापरवाही, मातहतों पर नियंत्रण की कमी और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में गाज गिरी है।

इसके अलावा अमनौर के थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत कुमार को डीआईजी सारण क्षेत्र द्वारा समीक्षा में अनुसंधान में गंभीर लापरवाही पाए जाने और असंतोषप्रद स्पष्टीकरण के कारण निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान तीनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र सारण निर्धारित किया गया है तथा विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी ने चेतावनी दी कि कर्तव्य में कोताही और अनुशासनहीनता किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story