बहेड़ा थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बहेड़ा थाना का एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण


दरभंगा, 19 सितंबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने शनिवार काे बहेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में संधारित विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के क्रम में थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

एसएसपी ने आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मालखाना, स्टेशन डायरी, हाजत सुरक्षा, गिरफ्तारी पंजी, चार्जशीट सहित अन्य अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पंजी को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने हत्या, लूट, डकैती समेत गंभीर आपराधिक मामलों एवं लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। वाहन जांच, रात्रिकालीन गश्ती तथा बैंक-एटीएम की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

एसएसपी ने अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानून के अनुरूप वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीके से साक्ष्य संकलन कर अनुसंधान करने का निर्देश दिया। शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने तथा आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर कड़ी नजर रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story