एसएसपी ने किया पीरपैंती थाना और एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण, लंबित कांडों के जल्द निपटारे और गश्त बढ़ाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी ने किया पीरपैंती थाना और एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण, लंबित कांडों के जल्द निपटारे और गश्त बढ़ाने के निर्देश


भागलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय-दो और पीरपैंती थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कहलगांव-दो के एसडीपीओ स्नेह सेतु समेत क्षेत्र के विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कार्यालय और थाना के अभिलेखों और कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार करने के कड़े निर्देश दिए। एसएसपी ने लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने, वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने और आम जनता की शिकायतों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया। एसएसपी ने एसडीपीओ-दो को क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और उसकी एक अलग पंजी संधारित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय सड़कों पर लगने वाले जाम से आम जनता को निजात दिलाई जाए। इसके लिए पुलिस को विशेष गश्ती व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने क्षेत्र में अवैध शराब और सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले तीन दिनों से चल रहे विशेष गिरफ्तारी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story