एसएसबी ने प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व की मूर्तियों के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी ने प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व की मूर्तियों के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार


एसएसबी ने प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व की मूर्तियों के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार


सुपौल, 30 मई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर के तहत सीमा चौकी कुनौली द्वारा भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी के दौरान प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व की प्रतीत होने वाली मूर्तियों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

30 मई सीमा चौकी कुनौली के कार्यक्षेत्र में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं के आवागमन तथा संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम हेतु समवाय मुख्यालय कुनौली आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच एवं निगरानी ड्यूटी लगाई गई थी।

इसी दौरान प्रातः लगभग 07:15 बजे एक व्यक्ति नेपाल की ओर से पीले रंग के कपड़े में कुछ सामान लेकर भारतीय क्षेत्र की ओर आता हुआ दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात बलकर्मियों को देखकर उक्त व्यक्ति घबराकर तेजी से आगे बढ़ने का प्रयास करने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम रामचन्द्र मुखिया, निवासी ग्राम सकरपुरा, जिला सप्तरी (नेपाल) बताया। व्यक्ति के कब्जे में मौजूद पीले कपड़े में लिपटे सामान की तलाशी लेने पर निम्नलिखित वस्तुएं बरामद हुईं—धातु की बनी भगवान श्रीकृष्ण की एक मूर्ति (लगभग 26 सेमी लंबी), जो क्षतिग्रस्त था।

राधा जी की एक मूर्ति (लगभग 23 सेमी लंबी),गाय की एक आकृति, मूर्ति (लगभग 15 सेमी लंबी), जो क्षतिग्रस्त थे। एक धातु निर्मित आसन, प्लेट (लगभग 18 सेमी लंबी)।प्रारंभिक जांच में बरामद मूर्तियां एवं सामग्री धार्मिक, ऐतिहासिक तथा पुरातात्विक महत्व की प्रतीत हुईं।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने बताया कि उसे ये मूर्तियां तिरजुगा नदी के किनारे मिली थीं और वह इन्हें भारत में जांच कराने एवं बेचने के उद्देश्य से ला रहा था। हालांकि, वह बरामद वस्तुओं के स्वामित्व, परिवहन अथवा खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

बरामद वस्तुओं की प्रकृति, संदिग्ध परिस्थितियों तथा वैध दस्तावेजों के अभाव को देखते हुए मूर्तियों एवं संबंधित सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर सुरक्षित किया गया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत गिरफ्तार व्यक्ति सहित अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु स्थल सीमा शुल्क कार्यालय, कुनौली को सुपुर्द कर दिया गया।

इस संबंध में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं राष्ट्रीय धरोहरों की सुरक्षा हेतु सशस्त्र सीमा बल निरंतर सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक चमन सिंह सहित अन्य एसएसबी कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story