45वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
45वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित


45वीं वाहिनी एसएसबी मुख्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित


सुपौल, 27 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण एवं स्वच्छ परिसर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर मुख्यालय परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बल कार्मिकों, बिहार पुलिस के प्रशिक्षुओं तथा वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से मुख्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर को हराभरा बनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु संतुलन में पेड़-पौधों की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि पौधों का समुचित विकास हो सके।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट राहुल कुमार, निरीक्षक सामान्य सुरेश चंद, उपनिरीक्षक विपिन कुमार झा सहित अन्य अधिकारी एवं बल कार्मिक मौजूद रहे। वन विभाग की ओर से फॉरेस्टर रविरंजन सहित अन्य वनकर्मियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उनका संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हरित परिसर के निर्माण से न केवल वातावरण स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण तथा अधिक से अधिक पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story