एसएसबी 45वीं बटालियन ने चलाया वृहत पौधारोपण अभियान, 200 पौधे लगाए

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी 45वीं बटालियन ने चलाया वृहत पौधारोपण अभियान, 200 पौधे लगाए


एसएसबी 45वीं बटालियन ने चलाया वृहत पौधारोपण अभियान, 200 पौधे लगाए


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को वीरपुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं बटालियन मुख्यालय में वृहत पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया।

बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 200 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।

अभियान में बटालियन के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, महिला कार्मिकों, जवानों, संदिक्षा परिवार के सदस्यों, स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को कम करने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में पौधारोपण की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।

कमांडेंट गौरव सिंह ने सभी लोगों से अपने जीवन में अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने बताया कि 45वीं बटालियन ने इस वर्ष 9,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे जनसहभागिता के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट हरजीत राव, सुमन सौरभ, पशु चिकित्सक डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, किसान भूषण भिखारी मेहता, मीडिया प्रतिनिधियों सहित सशस्त्र सीमा बल के कई अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story