दो दिवसीय अंतर-वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, 52वीं वाहिनी बनी विजेता

WhatsApp Channel Join Now
दो दिवसीय अंतर-वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, 52वीं वाहिनी बनी विजेता


दो दिवसीय अंतर-वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, 52वीं वाहिनी बनी विजेता


सुपौल, 05 अगस्त (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बीरपुर मुख्यालय में कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय अंतर-वाहिनी कबड्डी प्रतियोगिता का बुधवार को सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में 45वीं, 18वीं, 52वीं और 56वीं वाहिनी के जवानों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

अंतिम दिन खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में 45वीं वाहिनी और 52वीं वाहिनी की टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन शानदार प्रदर्शन के दम पर 52वीं वाहिनी ने खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं 45वीं वाहिनी की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में कमांडेंट गौरव सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं सम्मान प्रदान किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आपसी भाईचारा, समन्वय, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी जवानों से भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट सुमन सौरभ सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बल के जवान उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ राष्ट्रहित में सदैव उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के संदेश के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story