सीमावर्ती गांवों में एसएसबी ने लगाई सोलर स्ट्रीट लाइट

WhatsApp Channel Join Now
सीमावर्ती गांवों में एसएसबी ने लगाई सोलर स्ट्रीट लाइट


किशनगंज, 27 सितंबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा से सटे टेढ़ागाछ प्रखंड के सीमावर्ती गांवों में ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं वाहिनी की ओर से सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं।

रविवार को एफ समवाय सीमा चौकी बेरिया के अंतर्गत पिपरा और चिचोरा गांव में सोलर लाइटें स्थापित की गईं। एसएसबी 12वीं वाहिनी किशनगंज के कमांडेंट स्वर्ण जीत शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस पहल के दौरान सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर जनहित से जुड़े कार्य किए जाते हैं। इसी क्रम में गांवों के अंधेरे वाले स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। सोलर लाइट लगने से रात के समय गांव की गलियों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहेगी।

इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होगी और अंधेरे के कारण होने वाली परेशानियां भी कम होंगी। वहीं, रात में रोशनी रहने से सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रात के समय गांव में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से काफी परेशानी होती थी। सोलर स्ट्रीट लाइट लगने से बच्चों, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों को रात में आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह के जनहितकारी कार्य आगे भी जारी रखने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story