पर्व की विविधता में एकता का संदेश वाला एसएसबी का कार्यक्रम आयोजित
अररिया 14 जनवरी(हि.स.)। मकर संक्रांति को देश के अलग अलग प्रदेशों में अलग अलग पर्व त्यौहार के रूप में मनाया जाता है।देश के अलग अलग हिस्सों में मनाए जाने वाले इस पर्व की विविधता में एकता के संदेश के साथ एसएसबी 56 वीं बटालियन की ओर से मुख्यालय बथनाहा में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया।दो दिवसीय कार्यक्रम में मंगलवार की रात को जहां चिल्ड्रन पार्क में लोहड़ी पर्व मनाया गया।वहीं बुधवार को कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार के मार्गदर्शन में परिसर में कार्यक्रम में एसएसबी परिवार का सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वाहिनी मुख्यालय एवं संयुक्त अस्पताल बथनाहा के अधिकारीगण व अन्य बल कार्मिक एवं संदीक्षा सदस्यों और बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।कमांडेंट के निर्देश पर पोंगल, बीहू, कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।यह पर्व भारत के विभिन्न राज्य असम, तामिलनाडु, पंजाब और अन्य राज्यों में मुख्य रूप से मनाने वाला पर्व है।
सर्वप्रथम कमांडेंट महोदय द्वारा गौ माता के पूजन के पश्चात पतंग उड़ाओ उत्सव मनाया गया। तत्पश्चात खीचड़ी,दही चूड़ा के साथ बड़े खाने का आयोजन हुआ। जिसमें उप निरीक्षक(चिकित्सा) संयुक्त अस्पताल विवेक कुमार माथुर, कमांडेंट शाश्वत कुमार,द्वितीय कमान अधिकारी संजीव कुमार,उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट और वाहिनी मुख्यालय एवं संयुक्त अस्पताल बथनाहा के अधिकारीगण एवं अन्य बल कार्मिक उपस्थित रहे I
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

