एसएसबी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन


सुपौल, 18 जून (हि.स.)। मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा वाहिनी चिकित्सालय, बीरपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रक्तदान शिविर में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया तथा मानवता की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों ने रक्तदान को जीवनदान के समान बताते हुए इसे सामाजिक सरोकार, मानव कल्याण एवं राष्ट्रसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में परोपकार, सहयोग, संवेदनशीलता एवं मानवता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में जगदीश कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट,हरजीत राव, उप कमांडेंट सहित अन्य अधिकारियों एवं अधीनस्थ अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर सदर अस्पताल, सुपौल की ब्लड बैंक चिकित्सक किरण मिश्रा एवं उनकी मेडिकल टीम के साथ-साथ 45वीं वाहिनी के मेडिकल स्टाफ एवं बलकार्मिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से यह महा रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर भविष्य में भी जनहित एवं मानव कल्याण से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story