एसएसबी बीरपुर में तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी बीरपुर में तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित


एसएसबी बीरपुर में तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित


सुपौल, 31 मई (हि.स.)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर मुख्यालय एवं वाहिनी की समस्त सीमा चौकियों में तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कार्मिकों एवं आमजन के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश प्रसारित करना था।45वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा महिला कार्मिकों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान जगदीश कुमार शर्मा ने तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा का वाचन कर सभी उपस्थित कार्मिकों को शपथ दिलाई। उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए सभी को तंबाकू एवं धूम्रपानजनित नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।इस अवसर पर प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट तथा राहुल कुमार, सहायक कमांडेंट सहित अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवानों एवं महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु अपना संकल्प व्यक्त किया।

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा समय-समय पर जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन कर कार्मिकों तथा आमजन को स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता रहा है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story