एसएसबी वीरपुर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी वीरपुर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन


सुपौल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी),वीरपुर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत पांच किलोमीटर रन फॉर यूनिटी, वॉकथॉन और साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता शपथ समारोह भी आयोजित हुआ। इस दौरान जवानों और प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की थीम 'फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज' के माध्यम से लोगों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ लेते हुए देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। एसएसबी की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता एवं आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story