सीमा सुरक्षा के साथ फिटनेस का संदेश, 40 किमी साइकिल चलाकर निकले एसएसबी जवान

WhatsApp Channel Join Now
सीमा सुरक्षा के साथ फिटनेस का संदेश, 40 किमी साइकिल चलाकर निकले एसएसबी जवान


बगहा, 06 सितम्बर (हि.स.)।

सीमा की सुरक्षा में मुस्तैद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान अब हर रविवार साइकिल पर सीमा क्षेत्र का जायजा लेते नजर आयेंगे।

सीमा सुरक्षा के साथ जवानों को फिट रखने और आम लोगों के बीच फिटनेस व सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को एसएसबी 21वीं वाहिनी की ओर से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान चलाया गया।

कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के नेतृत्व में अधिकारी और जवानों ने वाहिनी मुख्यालय मंगलपुर, बगहा से साइकिल यात्रा शुरू की। जवान बॉर्डर रोड से होते हुए हरनाटांड़ स्थित लौकरिया थाना पहुंचे और वहां से वापस वाहिनी मुख्यालय लौटे।

इस दौरान जवानों ने करीब 40 किलोमीटर की दूरी महज दो घंटा में पूरी की।

साइकिल यात्रा के दौरान जवानों में खासा उत्साह दिखा। सीमा क्षेत्र की सड़कों से गुजरते एसएसबी जवानों ने एक ओर जहां अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के बीच सीमा सुरक्षा को लेकर भरोसे का संदेश भी दिया।

कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने अभियान में शामिल जवानों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि फिट जवान ही सीमा की सुरक्षा को और मजबूती से निभा सकता है। ‘संडे ऑन साइकिल’ के माध्यम से शारीरिक फिटनेस के साथ टीम भावना, अनुशासन और सीमा सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमा क्षेत्र से जुड़ाव और सुरक्षा के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। हर रविवार जवान साइकिल से सीमा क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और फिटनेस के साथ सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।

एसएसबी की इस पहल से सीमा क्षेत्र में फिटनेस, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story