सीमावर्ती युवाओं के लिए एसएसबी का पांच दिवसीय भर्ती पूर्व प्रशिक्षण 2 मार्च तक

WhatsApp Channel Join Now
सीमावर्ती युवाओं के लिए एसएसबी का पांच दिवसीय भर्ती पूर्व प्रशिक्षण 2 मार्च तक


सुपौल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बीरपुर स्थित सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी द्वारा मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के लिए 25 फरवरी से 2 मार्च तक पांच दिवसीय भर्ती पूर्व निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण सीमावर्ती जीवंत गांवों—नरपतपट्टी, साहेबान, पिपराही, ढाढा एवं सतना—के विभिन्न विद्यालयों में संचालित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक रूप से तैयार करना है।

प्रशिक्षण के दौरान युवक एवं युवतियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी, नियमित दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, लिखित परीक्षा की रणनीति तथा मेडिकल मानकों से संबंधित आवश्यक जानकारी और सावधानियों के बारे में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षकों ने चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की विस्तार से जानकारी देकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं को सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बेहतर अवसर मिलते हैं और वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनते हैं।

युवाओं ने कार्यक्रम को अपने भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसकी सराहना की। 45वीं वाहिनी, एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में युवाओं के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की जनहितकारी गतिविधियां आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story