एसएसबी का पांच दिवसीय भर्ती पूर्व प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी का पांच दिवसीय भर्ती पूर्व प्रशिक्षण शुरू


सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, बीरपुर के तत्वावधान में मानव संसाधन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत भर्ती पूर्व पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 25 फरवरी से की गई है, जो 2 मार्च तक चलेगा। यह प्रशिक्षण सीमावर्ती क्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज नरपतपट्टी, साहेबान, पिपराही, ढाढा एवं सतना के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र के युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने तथा केंद्रीय सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से यह निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता, दौड़, लिखित परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस पहल से सीमावर्ती गांवों के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में इस प्रकार के जनहितकारी एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story