एसएसबी 21वीं वाहिनी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया रक्षाबंधन का पावन पर्व
पश्चिम चम्पारण(बगहा),28अगस्त(हि.स.)। सीमा बल 21वीं वाहिनी, बगहा के प्रांगण में आज शुक्रवार दिनांक को रक्षाबंधन का पावन पर्व कमांडेंट तापेश्वर संबित राउत के कुशल मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता से हर्षोल्लास एवं भाईचारे के साथ मनाया है।
इस अवसर पर सीमा जागरण मंच की ओर से क्राइस्ट मिशन स्कूल, हरनाटांड एवं सनफ्लावर स्कूल की छात्राओं, स्थानीय महिलाओं तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों ने वाहिनी प्रांगण में पहुँचकर SSB के वीर जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु, सुरक्षित जीवन व देश सेवा में सदैव अग्रसर रहने की कामना की। इस दौरान क्षेत्र के विशिष्ट अतिथिगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस पावन पर्व पर जवानों के योगदान की सराहना की। छात्राओं एवं ब्रह्माकुमारी बहनों ने जवानों के प्रति सम्मान व स्नेह व्यक्त करते हुए देश की सुरक्षा में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों की छात्राओं ने भी सीमा चौकियों पर तैनात SSB 21वीं वाहिनी के जवानों को राखी बांधकर अपना स्नेह एवं सम्मान प्रकट किया। छात्राओं ने जवानों के राष्ट्रसेवा के जज्बे को सलाम करते हुए उनकी लंबी उम्र एवं सुरक्षा की कामना की। इस अवसर पर जवानों ने भी छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा देशहित में योगदान देने हेतु प्रेरित किया, जिससे सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों एवं स्थानीय समुदाय के बीच आत्मीयता एवं बन्धुत्व का भाव और भी प्रगाढ़ हुआ।
कमांडेंट ने सभी छात्राओं, शिक्षकों, स्थानीय महिलाओं, ब्रह्माकुमारीज बहनों एवं विशिष्ट अतिथिगण का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं बल्कि विश्वास, प्रेम और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है।
कार्यक्रम के समापन पर वाहिनी की ओर से सभी बहनों को मिठाइयाँ व उपहार वितरित किये गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

