एसएसबी ने 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी ने 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार


सुपौल, 09 जून (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर के द्वितीय कमान अधिकारी कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी राजपुरा द्वारा भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी के दौरान 18 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

8 जून 2026 को सीमा चौकी राजपुरा के कार्यक्षेत्र में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं के आवागमन तथा संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम हेतु स्थानीय पुलिस थाना डगमरा के साथ संयुक्त रूप से विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान लगभग 1800 बजे एक व्यक्ति नेपाल की ओर से सामान लेकर भारतीय क्षेत्र की ओर आता हुआ दिखाई दिया।

ड्यूटी पर तैनात एसएसबी एवं पुलिस कर्मियों को देखकर उक्त व्यक्ति घबराकर तेजी से आगे बढ़ने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर सुरक्षा बलों द्वारा उसे रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम डिजू सिंह, निवासी ग्राम कुनौली, जिला सुपौल (बिहार) बताया। व्यक्ति के कब्जे में मौजूद सामान की तलाशी लेने पर कुल 18 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई।

बरामद नेपाली शराब एवं गिरफ्तार व्यक्ति को मौके पर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु थाना डगमरा को सुपुर्द कर दिया गया।

इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह धामी एवं पुलिस थाना डगमरा के कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story