सृष्टि फाउंडेशन के कलाकारों ने मिथिला की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी

WhatsApp Channel Join Now
सृष्टि फाउंडेशन के कलाकारों ने मिथिला की लोक संस्कृति की छटा बिखेरी


Darbhanga Bihar, 25 नवंबर (हि.स.)।

विद्यापति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के समापन दिवस पर सृष्टि फाउंडेशन के कलाकारों ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। लोक परंपरा और शास्त्रीय नृत्य के अनूठे संगम ने समारोह में मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनुपम छटा बिखेर दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन की वरिष्ठ कलाकार प्रियांशी मिश्रा की एकल नृत्य प्रस्तुति से हुआ। उन्होंने महाकवि विद्यापति रचित प्रसिद्ध गीत 'कनक भूधर' पर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को नृत्य के माध्यम से साकार किया। उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति, सधे हुए पद संचालन और लय-ताल के सुंदर समन्वय को दर्शकों ने खूब सराहा।

इसके बाद बाल कलाकार स्तुति श्रेया, अवन्या भारद्वाज, किया कुणाल, आराध्या झा, सोनाक्षी प्रिया, विराट मिश्रा, कामना झा, मीनाक्षी कुमारी, शांभवी झा एवं हर्षिका सिन्हा ने झिझिया, छठ और सामा-चकेबा जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की मधुर धुन और बच्चों के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कला प्रेमियों एवं आयोजकों ने कलाकारों की सराहना करते हुए मिथिला की लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में सृष्टि फाउंडेशन के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story