11 वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ सामाजिक चेतना का संदेश दे रहा श्रीराम कर्मभूमि न्यास

WhatsApp Channel Join Now
11 वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ सामाजिक चेतना का संदेश दे रहा श्रीराम कर्मभूमि न्यास


भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। श्री राम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम के संयोजक डॉ. अर्जित शाश्वत चौबे ने रविवार को बताया कि न्यास की स्थापना के 5 वर्ष पूर्ण होने पर न्यास द्वारा वर्ष भर सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्य किए जाएंगे। सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में श्री राम कर्मभूमि न्यास ने भागलपुर, पटना, बक्सर, बांका, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ, दिल्ली आदि कई स्थानों पर पिछले 5 वर्षों में समाज को जोड़ने के लिए सैकड़ों कार्यक्रम आयोजित किए। शुरुआत से ही ट्रस्ट ने सिद्धाश्रम को विश्व स्तर पर विकसित करने के लिए कई सांस्कृतिक - सामाजिक कार्यक्रम किए हैं।

अर्जित ने बताया कि न्यास द्वारा सामाजिक कार्यों के द्वारा कोरोना काल में भागलपुर, पटना, बक्सर सहित कई जिलों में कोरोना बचाव एवं सहायता दल का निर्माण वर्ष 2020 में किया एवं लाखों लोगों को सूखा राशन प्रदान किया। न्यास ने वर्ष 2020-2021 के कोरोना काल में लाखों लोगों का निःशुल्क एंटीजन जांच करवाकर जानें बचायी। इसके साथ 6 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से लाखों लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और इलाज करवाया एवं 12 लबाइक (मोटरसाइकिल पर लैब) के माध्यम से लाखों लोगों का निःशुल्क 120 प्रकार के खून का जांच किया। कोरोना के दौरान न्यास ने भागलपुर, बक्सर, पटना, वाराणसी, दिल्ली में लोगों के सहायता के लिए 250 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन, 200 ऑक्सीजन सिलिंडर, 500 पल्स ऑक्सीमीटर, 2 वेंटीलेटर मशीन, लाखों सैनीटाइजर एवं लाखों आर्सेनिकम एल्बम 30 दवाई का निःशुल्क वितरण किया। न्यास ने अभी तक देश के विभिन्न शहरों में जन जागृति के लिए 11 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के सतत विकास के मॉडल से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया है।

आर्जित ने बताया कि वर्ष 2020 से अभी तक के न्यास के विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्य किए हैं। जल्द ही भागलपुर प्रमंडल में बांका जिला में मंदार पर्वत पर संग्रहालय, वैदिक सांस्कृतिक केंद्र और काशी विश्वनाथ मंदिर निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बक्सर में विश्व का सबसे बड़ा पराक्रमी श्री राम की मूर्ति (माइटी श्री राम) स्थापित कर पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा दिया जाएगा। श्री राम कर्मभूमि न्यास के द्वारा अनुशंसित 3डी लेजर लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ भी रामरेखा घाट, बक्सर में प्रारंभ हो रहा है, जहां रामायण केंद्र में शोध संस्थान, वैदिक केंद्र, पुस्तकालय, संग्रहालय आदि भी जल्द स्थापित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story